
मुंबई: शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और पूर्व उपमहापौर बाबुभाई भवानजी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन करने वालों पर निशाना साधते हुए पंजाब और कर्नाटक में सामने आए पेपर लीक मामलों पर सवाल उठाए हैं।
बाबुभाई भवानजी ने आरोप लगाया कि नीट मामले को लेकर आंदोलन करने वाले तथाकथित ‘कॉक्रोच गैंग’ और उनके समर्थक समूहों की राजनीति दोहरे मापदंड वाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार निशाना साधने वाले लोग अब पंजाब और कर्नाटक में हुए पेपर लीक मामलों पर चुप क्यों हैं?
उन्होंने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ तीखे बयान दिए, लेकिन जब दूसरे राज्यों में छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मामले सामने आए तो उनकी आवाज कमजोर पड़ गई।
भवानजी ने आरोप लगाया कि कुछ तुकडे -तुकडे गैग ‘डफली गैंग’ देश विरोधी ताकते जैसे राजनीतिक समूह छात्रों के मुद्दों को आंदोलन के बजाय राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए और हर राज्य में पेपर लीक के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर नीट मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की गई, तो फिर पंजाब और कर्नाटक में पेपर लीक की जिम्मेदारी तय कर वहां के शिक्षा मंत्रियों से भी जवाब क्यों नहीं मांगा जा रहा?
बाबुभाई भवानजी ने मांग की कि देश में कहीं भी पेपर लीक की घटना हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
