
पी.वी. आनंदपद्मनाभन
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के हाथों आज लोकभवन में आयोजित पुलिस अलंकरण समारोह में 103 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति द्वारा घोषित पुलिस शौर्य पदक, शौर्य पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक औपचारिक रूप से प्रदान किए गए।
इस अलंकरण समारोह में वर्ष 2022 और 2023 के स्वतंत्रता दिवस तथा वर्ष 2023 और 2024 के गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित पुलिस पदक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर 2 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस शौर्य पदक (PMG), 18 लोगों को शौर्य पदक (GM), 3 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPM), 4 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (PSM), 40 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक (PM) तथा 36 लोगों को सराहनीय सेवा पदक (MSM) प्रदान किए गए।
आज आयोजित अलंकरण समारोह में सम्मानित अधिकारियों में मीरा-भायंदर, वसई-विरार के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे, अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रवीण सालुंखे, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) मधुकर पाण्डेय, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (वीआईपी सुरक्षा) प्रवीण कुमार पडवळ तथा विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण एवं विशेष दस्ते) निशिथ मिश्र शामिल थे।
इस समारोह में गृह राज्यमंत्री (ग्रामीण) डॉ. पंकज भोयर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) मनीषा म्हैसकर, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस) नवल बजाज, अन्य पुलिस अधिकारी, सम्मानित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
