
मुंबई (प्रतिनिधि): गोरेगांव-दिंडोशी स्थित स्काई विला हाउसिंग सोसायटी के सदस्यों को लगभग पांच-छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बड़ी राहत मिली। शिवसेना विधायक सुनील प्रभु के हाथों सोसायटी के सदस्यों को शेयर सर्टिफिकेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक सुनील प्रभु ने कहा कि जब तक इमारत का ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) नहीं मिल जाता, तब तक सभी सदस्यों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहना होगा। उन्होंने कहा कि एकता के साथ संघर्ष करने पर सफलता निश्चित मिलती है।
पिछले पांच वर्षों से स्काई विला हाउसिंग सोसायटी के निवासी पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे थे। विकासक (बिल्डर) ने उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की और उन्हें असहाय छोड़ दिया। विधायक सुनील प्रभु ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से लगातार संवाद किया और उनके समाधान के लिए प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप पांच वर्षों बाद सोसायटी के सदस्यों को शेयर सर्टिफिकेट वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में स्थानीय नगरसेवक तुलसीराम शिंदे, पूर्व महापौर एवं वर्तमान नगरसेवक सुहास वाडकर, वार्ड क्रमांक 40 एवं 41 के शाखा प्रमुख संपत मोरे और संदीप जाधव सहित अनेक शिवसेना कार्यकर्ता उपस्थित थे। साथ ही स्काई विला हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष सुधाकर विंदे, सचिव स्मिता कनगुटकर, कार्यकारी सदस्य कमलेश देवणीका, लोकनाथ पांडे, सुधांशू खांडेकर, वीना केलानी तथा सोसायटी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक सुनील प्रभु ने लगभग 50 सदस्यों को शेयर सर्टिफिकेट वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अभी संघर्ष समाप्त नहीं हुआ है। सभी सदस्यों को अपनी एकजुटता बनाए रखनी होगी क्योंकि अभी इमारत का ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) प्राप्त करना बाकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस लड़ाई में वे हमेशा सोसायटी के सदस्यों के साथ खड़े रहेंगे।
